उमरिया, 29 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-78 पर सड़क पार कर रही एक बाघिन का वीडियो बनाने के लिए जुटी भीड़ पर उसके झपट्टा मारने का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाघिन ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद जंगल में लौट गई।
उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम घुनघुटी वन परिक्षेत्र में घुनघुटी और शहडोल के बीच एनएच-78 पर स्थित ऋतुवन ढाबे के पास हुई।
अधिकारी के अनुसार, सड़क पार कर रही बाघिन को देखकर कई वाहन चालक रुक गए, जिससे वहां जाम लग गया और इस दौरान कई लोग मोबाइल फोन से बाघिन का वीडियो बनाने लगे।
उन्होंने बताया कि भीड़ से परेशान होकर बाघिन ने लोगों की ओर झपट्टा मारा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई हालांकि, उसने किसी पर हमला नहीं किया और बाद में जंगल की ओर चली गई।
घुनघुटी वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मू सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आशंका है कि बाघिन के साथ उसके शावक भी थे।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर शावकों के साथ होने पर बाघिन को खतरा महसूस होता है तो वह अधिक आक्रामक हो सकती है।’’
सिंह ने लोगों को चेतावनी दी कि जंगली जानवरों के पास जाकर उनकी तस्वीरें या वीडियो बनाना खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों में इस इलाके में बाघों और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ी है।
वन विभाग ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से जंगली जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा बाघिन दिखाई देने पर तुरंत अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।
भाषा सं दिमो जितेंद्र
जितेंद्र