Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

‘शुद्धिकरण विवाद’: कांग्रेस ने विवादित बयान को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भट्ट के आवास का घेराव किया

देहरादून, 29 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ के कथित समर्थन में बयान देने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन लाल एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता यहां यमुना कॉलोनी स्थित भट्ट के आवास के निकट पहुंचे जहां, पुलिस ने अवरोधकों की मदद से उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हालांकि मौके पर जमकर नारेबाजी की और हल्द्वानी के रामलीला मैदान में पार्टी की विशाल जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ का कथित रूप से समर्थन करने संबंधी भट्ट के बयान का जोरदार विरोध किया।

लाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे द्वारा जनसभा को संबोधित किए जाने के बाद कुछ अराजक तत्वों द्वारा उसी स्थान पर कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया गया।

उन्होंने इस कृत्य को समाज में वैमनस्य पैदा करने वाली मानसिकता बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विचारों का विरोध किया जा सकता है लेकिन समाज को बांटने वाले ऐसे कृत्यों का समर्थन नहीं किया जा सकता।

लाल ने आरोप लगाया कि भट्ट ने इस कथित शुद्धिकरण को उचित बताते हुए उसका बचाव किया और इसी कारण पार्टी उनके आवास का घेराव करने के लिए मजबूर हुई।

इस बीच, गणेश गोदियाल ने ऐसा बयान देने वाले भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण के ‘घृणित कृत्य’ को इतने दिन बीत जाने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह प्रदर्शन व प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर थानों में शिकायत देने पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी, जो दिखाता है कि इस सरकार का कानून में कोई विश्वास नहीं है।

गोदियाल ने कहा कि भट्ट के खुलेआम इस कृत्य का बचाव करते नजर आने से उत्तराखंड सरकार पूरी तरह से बेनकाब हो गयी है।

उन्होंने कहा कि भट्ट के इस बयान से लोगों में फैले रोष को देखते हुए उनके खिलाफ भी तत्काल प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।

भट्ट ने कुछ दिन पहले मसूरी में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि कांग्रेस के पास समाज को खराब और दूषित करने के अलावा कोई और मुद्दा नहीं है।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की रैली की दौरान गंदगी हुई और ऐसे नारे लगे जो धार्मिक स्थान पर नहीं लग सकते।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा था कि उस जगह का शुद्धिकरण किया गया है, किसी की जाति को लेकर शुद्धिकरण नहीं किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसा कहकर कांग्रेस के लोग स्वयं अपने नेता की खिल्ली उड़ा रहे हैं और इस बात को खरगे भी समझते होंगे।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र