गुरुग्राम, 29 अगस्त (भाषा) अरावली की पहाड़ियों की तलहटी में बसे मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में दो तेंदुओं के घूमने से दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए पशुओं के बाड़ों में घुसकर तीन बछड़ों का शिकार कर चुके हैं। इसके बाद लोगों में भय का माहौल है और वे शाम ढलने के बाद खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
वन अधिकारी खजान सिंह ने बताया कि गुरुग्राम की सोहना तहसील के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में तेंदुओं द्वारा पशुओं का शिकार किए जाने की जानकारी विभाग के संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और मवेशियों की जंगली जानवरों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अरावली की पहाड़ियां कई शिकारी जीवों का बसेरा हैं और वन विभाग इस क्षेत्र पर लगातार नजर रखता है।
स्थानीय पशुपालक लालाराम ने बताया कि तेंदुए उनके तीन मवेशियों को उठा ले गए, जिनमें दो मादा और एक नर बछड़ा शामिल है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप