फरीदाबाद, 29 अगस्त (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बाटा स्टेशन के पास रेल पटरी पर बैठे 20 साल के एक युवक और 17 साल के किशोर की शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जिला पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी सौरभ (20) और जितेश (17) के तौर पर हुई है और दोनों रेलवे स्टेशन के पास कृष्णा कॉलोनी झुग्गी बस्ती में रहते थे।
यह घटना दिल्ली-आगरा रेलमार्ग की चौथी रेलवे लाइन पर शाम करीब 4:30 बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पीड़ित अपने मोबाइल फोन पर ईयरफोन लगाकर वीडियो देख रहे थे, तभी ओल्ड फरीदाबाद की तरफ से पलवल की ओर एक सुपरफास्ट ट्रेन गुजरी।
उन्होंने बताया कि आस-पास मौजूद लोगों ने चिल्लाकर उन्हें आगाह करने की कोशिश की और लोको पायलट ने भी सीटी बजाई, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों का ध्यान नजदीक आ रही ट्रेन की ओर नहीं गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाए, लेकिन दोनों इंजन की चपेट में आ गए और ट्रेन उन्हें करीब 100 मीटर घसीटने के बाद रुकी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सौरभ कृष्णा कॉलोनी झुग्गी में अपनी नानी के साथ रहता था, उसने हाल ही में एक जिम में सफाईकर्मी के तौर पर काम करना शुरू किया था, जबकि जितेश सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था।
रेलवे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप