तिरुवनंतपुरम, 29 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शाजूमन वट्टेक्कड़ ने शनिवार को मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन से उस बयान को वापस लेने की मांग की, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार दलित ईसाइयों के लिए आरक्षण को प्राथमिकता देगी।
सतीशन ने शुक्रवार को समाज सुधारक महात्मा अय्यंकाली की जयंती पर एक समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा था कि सरकार दलित ईसाइयों की चिंताओं को दूर करने के लिए अध्ययन कराएगी और आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा था कि दलित ईसाई समाज के सबसे पिछड़े वर्गों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि दलित ईसाइयों को न तो ईसाई होने से जुड़े लाभ मिलते हैं और न ही दलितों को मिलने वाले आरक्षण का फायदा मिलता है। सतीशन ने कहा था कि राज्य सरकार उन्हें विशेष संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराएगी।
वट्टेक्कड़ ने अय्यंकाली की जयंती पर मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए बयान को ‘‘अनुचित’’ बताया। उन्होंने सरकार पर ‘‘अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की नीति अपनाने’’ का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के लाखों अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।
वट्टेक्कड़ ने आरोप लगाया कि सरकार अनुसूचित जाति के लोगों के आरक्षण लाभ को छीनकर उसे दलित ईसाइयों को देने का प्रयास कर रही है।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
अविनाश