Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

ओडिशा के पांच जिलों में 31 अगस्त तक अत्यधिक भारी बारिश का मौसम विभाग का पूर्वानुमान

भुवनेश्वर, 29 अगस्त (भाषा) मौसम विभाग ने शनिवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण उत्तरी और तटीय ओडिशा के पांच जिलों में 31 अगस्त तक बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार तक क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक और केंद्रपाड़ा जिलों के कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि राज्य में बारिश की गतिविधियां चार सितंबर तक जारी रह सकती हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं और सभी जिलाधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

अधिकारी ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र ऐसे समय बना है जब राज्य के कुछ हिस्से पहले ही बाढ़ से जूझ रहे हैं। बाढ़ की दूसरी लहर से तीन जिलों में 67,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

आईएमडी ने अपने ताजा बुलेटिन में मयूरभंज, बालासोर, भद्रक और केंद्रपाड़ा में रविवार सुबह तक कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ अलग-अलग जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है।

बुलेटिन के अनुसार, क्योंझर, जाजपुर, जगतसिंहपुर, अंगुल, ढेंकनाल और कटक जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहने की चेतावनी) जारी किया गया है। इन जिलों में रविवार सुबह तक 12 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने राज्य के शेष जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहने की चेतावनी) जारी किया है।

कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश