Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

फॉर्म की चिंता नहीं, आक्रामक क्रिकेट पर ध्यान देना चाहता है भारत: मजूमदार

दुबई, 29 अगस्त (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने टीम की हालिया फॉर्म को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि युवा टीम को आक्रामक क्रिकेट खेलकर अगले छह महीनों के लिए मजबूत आधार तैयार करना होगा। इस दौरान भारत को एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेना है।

भारत ने इस साल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ गंवाए हैं। विदेशी दौरों और बड़े टूर्नामेंटों में भी टीम के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। भारत अब रविवार को महिला टी20 एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

मजूमदार ने कहा कि टीम को अपने प्रदर्शन से ज्यादा सुधार की गुंजाइश पर ध्यान देना है।

उन्होंने मैच से एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह युवा टीम है और इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य अगले छह महीनों के लिए सही शुरुआत करना है।’’

मजूमदार के मुताबिक दुबई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘टीम के पास अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं और अभ्यास के दौरान पिच से भी स्पिनरों को कुछ मदद मिलती दिखी है। ऐसे में टीम को इसका फायदा उठाने की उम्मीद है।’’

भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सवाल पूछे जाने पर मजूमदार ने कहा कि टीम का ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैदान के बाहर की चीजों पर खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका पूरा फोकस रविवार के मुकाबले पर है और जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा, तब उसके बारे में बात की जाएगी।’’

दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स महिला टी20 एशिया कप के साथ-साथ आगामी एशियाई खेलों में भी नहीं खेल पाएंगी।

मजूमदार ने कहा, ‘‘जेमिमा टीम की अहम खिलाड़ी हैं और उनकी कमी काफी खलेगी। बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में जेमिमा की चोट से उबरने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। उनकी गैरमौजूदगी में हालांकि टीम में शामिल दूसरी खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेंगी।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता