Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नेपाल बाढ़ : थरूर ने जयशंकर से एनडीआरएफ दल और वायुसेना के हेलीकॉप्टर की तैनाती का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद कई भारतीय नागरिकों के लापता होने की पृष्ठभूमि में शनिवार को केंद्र सरकार से बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पूरी टुकड़ी और भारी क्षमता वाले हेलीकॉप्टर तैनात करने का आग्रह किया।

विदेश मंत्री एस जयशंकर को लिखे पत्र में थरूर ने सरकार से अनुरोध किया कि नेपाल में फंसे लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए।

तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘हर गुजरता घंटा उस बुनियाद को और संकुचित कर रहा है, जिस पर (लोगों के बचे होने की) उम्मीद कायम रह सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं 26 अगस्त को नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बाद लापता भारतीय नागरिकों के संबंध में आपको लिख रहा हूं। भारत की प्रतिक्रिया तेज और व्यापक रही है। प्रधानमंत्री की नेपाल से शुरुआती बातचीत, राहत सामग्री की चार खेप, डॉक्टरों, चिकित्साकर्मियों और विशेषज्ञों की 11 सदस्यीय टीम तथा नियंत्रण कक्ष और दूतावास की हेल्पलाइन से काफी मदद मिली है।’’

थरूर ने कहा कि नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और उनकी टीम चौबीसों घंटे काम कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘तिब्बत से लौटे समूह से तीन दिन बाद कई परिवारों को उम्मीद की किरण मिली। त्रिशूली-1 में फंसे भारतीय कामगारों को बचाना भी एक बड़ी सफलता थी।’’

उन्होंने कहा कि परिवारों ने इन प्रयासों पर ध्यान दिया है और कई परिवारों ने व्यक्तिगत रूप से जयशंकर के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उनसे यह बात पहुंचाने का अनुरोध किया है।

थरूर ने कहा, ‘‘इसी कारण मैं यह आग्रह करने के लिए बाध्य महसूस कर रहा हूं कि हमारे प्रयासों को अब इस आपदा के पैमाने और तात्कालिकता के अनुरूप बनाया जाए।’’

भाषा हक पवनेश अविनाश

अविनाश