Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

महाराष्ट्र : समृद्धि एक्सप्रेसवे पर लुटेरों ने वकील के साथ मारपीट कर सोने के गहने और नकदी लूटी

मुंबई, 29 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर 11-12 लोगों के गिरोह ने कथित तौर पर एक वकील और उनके परिवार की कार को जबरन रोका और उनसे 18.09 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और नकदी लूट ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि यह वारदात बृहस्पतिवार रात सिन्नर तालुका के माल्धोन शिवर के पास उस समय हुई, जब राजेंद्र प्रसाद मिश्रा (37), उनकी पत्नी, भाई और डेढ़ साल का बेटा अपनी कार से छत्रपति संभाजीनगर से मुंबई जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि लुटेरों के गिरोह ने गाड़ी के सामने लोहे की कोई वस्तु फेंकी जिससे उसका अगला टायर फट गया। आरोपियों ने कार को घेर लिया तथा मिश्रा व उनके परिवार वालों पर हमला किया और धमकी दी कि अगर उन्होंने अपनी कीमती चीजें नहीं दीं, तो उनके छोटे बेटे की हत्या कर दी जाएगी।

गिरोह ने परिवार से 27.8 तोला सोने के गहने (जिनमें अंगूठियां, हार, चूड़ियां और झुमके शामिल थे) और 84,500 रुपये नकद लूट लिये और मौके से फरार हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि उसी गिरोह ने कथित तौर पर लाठियों से एक और वाहन पर हमला किया और उनमें सवार लोगों से लूटपाट की। हालांकि, दूसरी घटना के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने लुटेरों का हुलिया 30 से 35 साल की उम्र के हिंदी भाषी के तौर पर बताया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वावी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है और सीसीटीवी तस्वीरों व तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करके संदिग्धों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप