Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली के तीन सांसदों के सज्जन कुमार के घर जाने पर नाराजगी जताई

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को दिल्ली के पार्टी सांसदों-कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को तलब किया और पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार के निधन के बाद उनके घर जाकर शोक जताने पर नाराजगी जताई।

वर्ष 1984 के सिख-विरोधी दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे कुमार का 20 अगस्त को यहां सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया था।

भाजपा सांसद- सहरावत, बिधूड़ी और चंदोलिया हाल में कुमार के आवास पर शोक जताने गए थे।

पार्टी के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज इन तीनों सांसदों को तलब किया और सज्जन कुमार के घर जाने पर अपनी नाराजगी जताई।’’

भाजपा नेता एवं उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एच. एस. फुल्का ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने के लिए नितिन नवीन की सराहना की और कहा, ‘‘कांग्रेस के वर्षों के पाखंड के विपरीत, नेतृत्व ऐसा ही होना चाहिए।’’

फुल्का ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने के लिए नितिन नवीन का आभारी हूं।’’

सिख-विरोधी दंगों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पिछले 40 वर्षों से इस मुद्दे को अपना मुद्दा मानकर लड़ती रही है।’’

फुल्का ने शुक्रवार को भी भाजपा सांसद- कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया- के कुमार के आवास पर जाने की निंदा की थी और उनके बहिष्कार की मांग की थी।

फुल्का आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व सदस्य हैं और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए जाने जाते हैं। वह एक अप्रैल को भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने भी पार्टी के तीन सांसदों के कुमार के आवास पर जाने की निंदा की।

सिंह ने शनिवार को ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, ‘‘क्योंकि सज्जन कुमार हत्यारा था, वह ऐसा व्यक्ति था, जिसने सिखों के नरसंहार को अंजाम दिया था। बाद में अदालत ने उसे दोषी ठहराया। ऐसा नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में हुआ। कांग्रेस शासन के दौरान सज्जन कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी।’’

भाषा

शफीक सुरेश

सुरेश