Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

एचडीएफसी बैंक के सीईओ जगदीशन ने दोबारा नियुक्ति से खुद को अलग किया

मुंबई, 29 अगस्त (भाषा) देश में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि उसके प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शशिधर जगदीशन ने 26 अक्टूबर को अपना वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के बाद दोबारा नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से खुद को अलग कर लिया है।

बैंक में लगभग तीन दशक बिताने के बाद 61 वर्षीय जगदीशन 26 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।

शेयर बाजार को दी सूचना के मुताबिक एचडीएफसी बैंक का बोर्ड जगदीशन के उत्तराधिकारी के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया को ''समय रहते'' तेजी से पूरा करेगा।

बैंक ने बताया कि जगदीशन ने प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में दोबारा नियुक्ति न लेने के अपने निर्णय से अवगत कराया और बोर्ड के ''मनाने'' के बावजूद अपने फैसले पर कायम रहे।

सूचना में कहा गया, ''बोर्ड ने बैंक की वृद्धि और स्थिरता में उनकी प्रतिबद्धता, नेतृत्व तथा योगदान और भारतीय कॉरपोरेट जगत के सबसे बड़े विलय में से एक को सफलतापूर्वक पूरा करने में उनकी भूमिका की सराहना की।''

बोर्ड ने जगदीशन को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

जगदीशन की दोबारा नियुक्ति का मुद्दा गहन अटकलों का विषय रहा है, खासकर इस साल मार्च में गैर-कार्यकारी चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद, जिन्होंने बैंक में नैतिकता और प्रशासनिक तौर-तरीकों पर चिंता जताई थी।

कुछ सप्ताह पहले, एमएसआरडीसी मामले में अनुचित आचरण का दोषी पाए जाने के बाद जगदीशन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जहां आरोप थे कि बैंक में बड़ी राशि रखने के लिए एक जमाकर्ता को कार्ड ब्याज दर से अधिक भुगतान किया गया था।

हाल के महीनों में कई अन्य ऐसे मामले भी सामने आए हैं जो बैंक में प्रशासनिक तौर-तरीकों की कमी की ओर इशारा करते हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय