कोलकाता, 28 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हुए राज्य के 39 लोगों में से दो का पता चल गया है और वे सुरक्षित हैं, जबकि बाकी लोगों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
शुभेंदु ने लापता लोगों के परिजनों से डिजिटल माध्यम से बातचीत की और बताया कि एक ही परिवार के दो सदस्यों से उनके रिश्तेदारों और राज्य सरकार ने संपर्क कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों फिलहाल नेपाल में बीरगंज के पास हैं और उन्हें वापस लाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने परेशान परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके लापता परिजनों का पता लगाने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कुल 39 लोग लापता थे। उनमें से एक परिवार के दो लोगों से उनके परिजनों और राज्य सरकार ने संपर्क कर लिया है। बाकी 37 लोगों से हम संपर्क नहीं कर पाए हैं।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में भारतीय उच्चायोग की ओर से दी गई लापता लोगों की सूची से पुष्टि हुई है कि बंगाल के 32 पर्यटक अब भी लापता हैं जो एक पर्यटन कंपनी के जरिए हिमालयी देश की यात्रा पर गए थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लापता लोगों का पता लगाने में वहां के अधिकारियों की मदद के लिए एक टीम नेपाल भेजने की केंद्र से मंजूरी मांगी है।
लापता लोगों में से कुछ तीर्थयात्रा के लिए नेपाल गए थे, जबकि कुछ पर्यटक के रूप में वहां गए थे। इनमें से कई कैलाश मानसरोवर मार्ग पर भी यात्रा कर रहे थे।
अधिकारी ने कहा कि सरकार इस संभावना पर भी विचार कर रही है कि लापता लोगों के परिजन उनकी तलाश के लिए नेपाल या तिब्बत जा सकें।
भाषा सुभाष सिम्मी
सिम्मी