नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) दिल्ली में शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में एक व्यक्ति से 44 लाख रुपये से भरा बैग लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने शुक्रवार रात बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानसरोवर पार्क निवासी प्रभय तिवारी (26) और उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी सरब तिवारी उर्फ प्रफुल (21) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को जितेंद्र कुमार (52) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अवधेश तिवारी ने उन्हें 44 लाख रुपये राज कुमार को पहुंचाने के लिए दिए थे।
डीसीपी के मुताबिक, रकम लेने के बाद जैसे ही जितेंद्र कुमार मोटरसाइकिल से आगे बढ़े, एक व्यक्ति ने उनकी बाइक रोक दी। इसके बाद दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंचा और दोनों ने 44 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया तथा फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि वारदात की साजिश अवधेश तिवारी के बेटे प्रभय तिवारी ने रची थी।
अधिकारी के मुताबिक, अवधेश तिवारी ने कर्ज चुकाने के लिए यह रकम जितेंद्र कुमार के जरिए भेजी थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
नोमान रवि कांत