Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

अमित शाह ने ‘टाइप-1’ मधुमेह से पीड़ित लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाया

अहमदाबाद, 28 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां कहा कि केंद्र सरकार ‘टाइप 1’ मधुमेह से पीड़ित उन सभी बच्चों को जीवन भर मुफ्त इंसुलिन दे रही है, जिन्हें इस बीमारी से निपटने के लिए इंसुलिन का इंजेक्शन लेने की जरूरत होती है।

शाह ने अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर की ‘टाइप-1’ मधुमेह से पीड़ित लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए कहा कि जीवन भर इंसुलिन के इंजेक्शन लेने की जरूरत उनके परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डालती है।

उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार की एक योजना के जरिए यह बोझ कम किया जा रहा है, जिसके तहत ऐसे सभी बच्चों को जीवन भर मुफ्त इंसुलिन दी जाएगी।

शाह ने कहा, ‘‘इस संबंध में 'स्क्रीनिंग - जांच - इंसुलिन/इलाज - निगरानी - फॉलो-अप' की एक समन्वित प्रणाली बनाई गई है, ताकि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों को, जिनमें ये लड़कियां भी शामिल हैं, जीवन भर मुफ्त इंसुलिन मिल सके।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ऐसे सभी बच्चों को जीवन भर मुफ्त इंसुलिन उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दूरदर्शी पहल 'सेवा, करुणा और सुरक्षा' के सिद्धांतों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस पहल को लागू करने की कोशिश कई विकसित देश भी कर रहे हैं।’’

शाह ने सभी लड़कियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भाजपा की गांधीनगर इकाई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि शाह के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया गया है कि गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित 18 साल तक के बच्चों को केंद्र की भाजपा सरकार की पहल के तहत मुफ्त इंसुलिन का लाभ मिले।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार के लिए जनसेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशील शासन का मार्गदर्शक सिद्धांत है।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘जब हमारी बेटियों की सेहत सुरक्षित होगी, तभी परिवार और समाज का भविष्य सुरक्षित होगा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर हमारी बेटियों को मुफ्त इंसुलिन देने की यह पहल उनकी सुरक्षा और सेहत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।’’

भाजपा की गांधीनगर इकाई की ओर से जारी एक बयान में शाह के हवाले से कहा गया है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र की भाजपा सरकार के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप, आज देश के आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हो रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात में भी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बेटियों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए लिया गया यह संकल्प गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 'सेवा परमो धर्म' की भावना को और मजबूत करेगा।’’

भाषा सुभाष सिम्मी

सिम्मी