जयपुर, 28 अगस्त (भाषा) पुलिस ने बीकानेर में बांग्लादेश की एक महिला को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईडी) से मिली जानकारी के आधार पर इस महिला को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि महिला नीला सालदांगा (27) बांग्लादेश के सालदांगा की रहने वाली है और दो दिन से बीकानेर के अशोक नगर इलाके में रह रही थी।
जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने के थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह सात-आठ महीने पहले भारत आई थी। बीकानेर आने से पहले वह गुजरात और पश्चिम बंगाल में भी रही थी।
सिंह ने कहा कि सालदांगा की बांग्लादेशी नागरिकता सत्यापित होने के बाद उसे ‘सखी सेंटर’ ले जाया गया। उन्होंने बताया कि कई सुरक्षा और जांच एजेंसियां मिलकर महिला से पूछताछ करेंगी।
सिंह ने कहा कि भारत में उसके आने, बीकानेर में उसके रहने और दूसरी गतिविधियों के बारे में जानकारी विस्तृत पूछताछ के बाद ही मिल पाएंगी।
भाषा पृथ्वी धीरज
धीरज