नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) भारत और कुवैत ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, रक्षा उद्योग तथा अनुसंधान एवं विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की पहली बैठक नयी दिल्ली में हुई।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जेडीसी की पहली बैठक, दिसंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कुवैत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) में बताए गए लक्ष्यों को लागू करने की दिशा में एक अहम कदम थी।
बयान में कहा गया, 'दोनों देशों ने प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, सैन्य चिकित्सा, स्टाफ वार्ता, रक्षा उद्योग तथा अनुसंधान एवं विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।'
बैठक की सह-अध्यक्षता मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और कुवैत के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के ब्रिगेडियर जनरल राएद अलसकरान ने की।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप