Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

अमित शाह ने ‘टाइप-1’ मधुमेह से पीड़ित लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाया

गांधीनगर, 28 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां ‘टाइप-1’ मधुमेह से पीड़ित लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाया और उनके अच्छे स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि परिवार और समाज का भविष्य तभी सुरक्षित है जब बेटियां स्वस्थ हों, और इस बात पर जोर दिया कि भाजपा उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भाजपा की गांधीनगर इकाई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि शाह के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया गया है कि गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित 0 से 18 साल तक के बच्चों को केंद्र की भाजपा सरकार की पहल के तहत मुफ्त इंसुलिन का लाभ मिले।

पार्टी ने कहा कि टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित इन बच्चियों को जीवन भर इंसुलिन के इंजेक्शन लेने पड़ते हैं, और इलाज का खर्च वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ा आर्थिक बोझ बना रहता है।

पार्टी ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए, 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम 2.0' के तहत 30 अप्रैल 2026 को दिशानिर्देश जारी किये गए थे।

इसमें कहा गया है कि इस संबंध में 'स्क्रीनिंग - जांच - इंसुलिन/इलाज - निगरानी - फॉलो-अप' की एक समन्वित प्रणाली बनाई गई है, ताकि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में ऐसी समस्याओं वाले बच्चों को - जिनमें ये लड़कियां भी शामिल हैं - जीवन भर मुफ्त इंसुलिन मिल सके।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इसे एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए शाह ने कहा कि कई विकसित देश भी मुफ्त इंसुलिन की ऐसी व्यवस्था लागू नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लिए जनसेवा सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशील शासन का मूल मंत्र है।

बयान में शाह के हवाले से कहा गया, ‘‘अगर बेटी की सेहत सुरक्षित रहेगी, तभी परिवार और समाज का भविष्य सुरक्षित रहेगा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बेटियों को मुफ्त इंसुलिन देने की यह पहल, बेटियों की सुरक्षा और उनकी सेहत के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात में भी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लिया गया यह संकल्प गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 'सेवा परमो धर्म' की भावना को और मजबूत करेगा।’’

पार्टी ने कहा कि इलाज के खर्च की वजह से किसी भी गरीब या मध्यम-वर्गीय परिवार के बच्चे को जीवन बचाने वाली इंसुलिन से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी सोच के साथ, मधुमेह पीड़ित बच्चों को जरूरी इंसुलिन उपलब्ध कराने की यह पहल भाजपा के 'सेवा, संवेदनशीलता और सुरक्षा' के संकल्प को दर्शाती है।

भाषा सुभाष माधव

माधव