शिमला, 28 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के शिमला में शुक्रवार को स्थानीय ईदगाह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से रक्षाबंधन मनाए जाने के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की एक दुर्लभ मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित करके राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए।
मंच ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय संयोजक दीपक जोशी को हिमाचली टोपी और मफलर भेंट करके सम्मानित किया। मुस्लिम बहनों ने हिंदू भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
इस अवसर पर जोशी ने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के प्रति गहरे सम्मान और भाईचारे का प्रतीक है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय संयोजक के. डी. हिमाचली ने सांप्रदायिक सौहार्द के संबंधों को मजबूत करने के लिए मंच के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण की गंभीर समस्या से पर्यावरण के संरक्षण और सुरक्षा के लिए सभी जिलों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
मंच की हिमाचल प्रदेश इकाई के संयोजक मोहम्मद शाहिद ने आश्वासन दिया कि मंच की गतिविधियों का विस्तार सभी जिलों के उपमंडल स्तर तक किया जाएगा।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश