बेंगलुरु, 28 अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी एसएनएन राज कॉर्प ने शुक्रवार को यहां एचएसआर लेआउट स्थित अपनी प्रीमियम आवासीय परियोजना ‘एसएनएन राज एटर्निया’ के 49 अपार्टमेंट को नियंत्रित तरीके से गिराने का काम शुरू किया। इस परियोजना में कुल 972 घर हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि परियोजना के भू-तकनीकी अध्ययन के लिए नियुक्त बाहरी एजेंसी की जांच रिपोर्ट में एक गलती का पता चलने के बाद प्रभावित घरों के पुनर्निर्माण के उसके स्वैच्छिक फैसले के तहत यह कदम उठाया जा रहा है।
एसएनएन राज कॉर्प ने कहा कि गिराने के इस विशेष कार्य को इस मामले में देश की विशेषज्ञ कंपनियों में से एक एडिफिस इंजीनियरिंग करेगी। इसके लिए उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि आसपास के निवासियों और इमारतों की अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कंपनी ने कहा कि गिराने का काम अगले छह महीने में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रभावित अपार्टमेंट ब्लॉक का पुनर्निर्माण शुरू किया जाएगा।
गिराने का काम शुरू होने पर एसएनएन राज कॉर्प के निदेशक अनुज संजय जैन ने कहा, ‘‘ गिराने की योजना बनाते समय हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि प्रक्रिया उच्चतम स्तर की सुरक्षा के साथ पूरी हो और निवासियों तथा आसपास की संरचनाओं को कम से कम असुविधा हो।’’
भाषा योगेश रमण
रमण
रमण
रमण