ईटानगर, 28 अगस्त (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में 29 अगस्त से अगले पांच दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की भी आशंका भी जताई गई है।
आईएमडी ने प्रभावित जिलों के निवासियों को आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के दौरान सतर्क रहने तथा आधिकारिक मौसम चेतावनियों व दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अगस्त को प्रतिकूल मौसम के चलते तवांग, पश्चिम कामेंग, पूर्व कामेंग, पक्के केसांग, पापम पारे, तिरप, लोंगडिंग, चांगलांग और अंजॉ जिलों को निगरानी श्रेणी में रखा गया है।
रविवार और सोमवार को भी इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
तवांग, पश्चिम कामेंग, पूर्व कामेंग, पक्के केसांग, पापम पारे और अंजॉ जैसे जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
बुधवार के पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश मुख्य रूप से पश्चिम कामेंग, पूर्व कामेंग, पक्के केसांग और पापम पारे जिलों तक सीमित रहेगी, जबकि अन्य अधिकतर जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है।
भाषा सुमित माधव
माधव