Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

छवि खराब करने की कोशिश, केंद्रीय मंत्रालय से हटवाने की साजिश : मंत्री जुएल ओराम

भुवनेश्वर, 28 अगस्त (भाषा) केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी छवि खराब करने और उन्हें मंत्रालय से हटवाने के लिए धन खर्च कर दुष्प्रचार अभियान शुरू किया है।

उन्होंने ओडिशा के राउरकेला में उनके एक सहयोगी की संगठित अपराध में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तारी के बाद यह आरोप लगाया।

ओराम ने इससे पहले स्पष्ट किया था कि उनके सहयोगी राकेश पासवान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। पासवान को इस्पात नगरी राउरकेला में राज्य सरकार के एक अतिथि गृह में अपराधियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पासवान ने हालांकि अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।

केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल में कुछ लोग, जो दूसरे राजनीतिक दलों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आए हैं, पैसे खर्च कर मेरी बदनामी करने और मेरी स्थिति कमजोर करने का प्रचार अभियान चला रहे हैं। उन्हें लगता है कि अगर मुझे केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटा दिया गया तो उन्हें मंत्री बनने का मौका मिल जाएगा। मैं इस पार्टी (भाजपा) को अच्छी तरह जानता हूं और पार्टी भी मेरे योगदान को पहचानती है।’’

ओडिशा के आदिवासी बहुल सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से छह बार सांसद रह चुके ओराम ने कहा, ‘‘मैंने पहले घोषणा की थी कि अब चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में मैं निश्चित रूप से 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ूंगा।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अपने खिलाफ साजिश करने वालों की पहचान करेंगे और वह इस मामले को ओडिशा भाजपा के संगठन सचिव के समक्ष पहले ही उठा चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करूंगा। मेरे पास बदनामी करने वाले के हाथ काटने और उन्हें जला देने की क्षमता है।’’

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश