Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

डीयू की छात्रा की हत्या करने का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 21-वर्षीय छात्रा और ‘कंटेंट क्रिएटर’ की चाकू मारकर तथा गला घोंटकर हत्या करने के आरोपी 26-वर्षीय जिम ट्रेनर को पुलिस ने राजौरी गार्डन में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता मुस्कान शर्मा के प्रेम संबंध खत्म कर लेने से नाराज था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अकीब उर्फ इमरान के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। उसने पुलिस दल पर कथित रूप से चार गोलियां चलाईं।

पुलिस के अनुसार, टीम ने आत्मरक्षा में सात गोलियां चलाईं, जिससे इमरान के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगीं और उसे काबू कर लिया गया। इस मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

इमरान को इलाज के लिए तुरंत रघुबीर नगर के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया।

यह मुठभेड़ राजौरी गार्डन में नाला रोड पर उप-पंजीयक कार्यालय के पास रात करीब 11.15 बजे हुई। पुलिस को रात करीब 10.55 बजे क्षेत्र में उसकी आवाजाही के संबंध में विशिष्ट सूचना मिली थी।

पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने कहा, 'पुलिस टीम ने उसे बार-बार आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया, लेकिन उसने अचानक पिस्तौल निकाली और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।'

पुलिस ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद आरोपी गोलीबारी करता रहा।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने चेतावनी के तौर पर हवा में एक गोली चलाई, लेकिन इमरान फिर भी नहीं माना। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए उसके पैरों की तरफ गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ की घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत राजौरी गार्डन थाने में एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तिलक नगर इलाके में मुस्कान शर्मा की 26 अगस्त को उसके घर में हत्या कर दी गई और आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने इस संबंध में 27 अगस्त को तिलक नगर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी का पता लगाने के लिए ‘स्पेशल स्टाफ’, एएटीएस, स्वापक दस्ते, स्थानीय पुलिस और अन्य विशेष इकाइयों के कर्मियों की लगभग 15 टीम को तैनात किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए और उनका विश्लेषण किया गया।

डीसीपी के मुताबिक, फुटेज में इमरान को 26 अगस्त को शाम करीब 5.45 बजे मुस्कान के घर में प्रवेश करते और शाम करीब छह बजे बाहर निकलते देखा गया। सीसीटीवी कैमरों के जरिए उसकी आगे की गतिविधियों को भी ट्रैक किया गया, जिससे उसकी पहचान मुख्य आरोपी के रूप में हुई।

डीसीपी ने बताया कि मुस्कान दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी, साथ ही एक 'कंटेंट क्रिएटर' और अंशकालिक मॉडल भी थी। उसकी बड़ी बहन भी मॉडल है।

वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और पश्चिमी दिल्ली में मंगला अस्पताल के पास एक किराए के मकान में अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहती थी।

पुलिस ने कहा कि इमरान, मुस्कान को लगभग 18 महीनों से जानता था।

जिम की एक कर्मचारी के अनुसार, ग्राहकों के साथ कथित अनुचित व्यवहार के कारण इमरान को लगभग दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। इससे पहले उसने जिम में लगभग तीन महीने तक काम किया था।

पुलिस के मुताबिक, इमरान का एक दूसरी महिला के साथ भी संबंध था।

मुस्कान को कथित तौर पर इस संबंध के बारे में पता चला और वह आरोपी के साथ अपना रिश्ता खत्म करना चाहती थी। पुलिस को संदेह है कि इससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।

मुस्कान ने 18 जुलाई को थाने जाकर सूचना दी थी कि इमरान उसे परेशान कर रहा है, लेकिन उसने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

इसके बाद इमरान की नशे की लत को देखते हुए उसे एक नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया था, जहां उसने कथित तौर पर खुद को नुकसान पहुंचाया, जिसके बाद उसे 30 जुलाई को वहां से छोड़ दिया गया।

पुलिस ने कहा कि मुस्कान, इमरान के साथ अपना रिश्ता जारी नहीं रखना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर उसका पीछा करना जारी रखा।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि पिछले दो महीनों में उसके किसी अन्य व्यक्ति से बात करना शुरू करने के बाद इमरान नराज हो गया।

इमरान 26 अगस्त को मुस्कान के घर तब गया जब वह अकेली थी।

पुलिस ने बताया कि बहस के बाद, उसने कथित तौर पर उसके पेट में चाकू से कई वार किए और उसका गला घोंट दिया तथा फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मुस्कान का मोबाइल भी अपने साथ ले गया था, लेकिन उसे अनलॉक करने में विफल रहने के बाद उसने कथित तौर पर उसे फेंक दिया।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश