नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के बीच बेहद कम अंतराल को देखते हुए दोनों प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग भारतीय टीमें भेजने का फैसला किया है।
हंसिका लांबा, नीशू और नेहा शर्मा जैसी पहलवानों को इस साल अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में से किसी एक को चुनना होगा।
भारत के शीर्ष पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवान सुजीत कलकल पहले ही सीनियर विश्व चैंपियनशिप में खेलने का फैसला कर चुके हैं जिन्होंने सर्बिया में अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।
हंसिका (53 किग्रा) ने सर्बिया में रजत पदक जीता था जबकि नीशू (55 किग्रा) और नेहा (57 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते थे।
सृष्टि (68 किग्रा) और प्रिया (76 किग्रा) ने भी कांस्य पदक जीते थे और वे अंडर-23 तथा सीनियर दोनों विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए योग्य हैं।
आमतौर पर अच्छे प्रदर्शन करने वाले अंडर-23 पहलवान सीनियर स्तर पर भी खुद को आजमाना चाहते हैं। लेकिन इस बार दोनों प्रतियोगिताओं के बीच बहुत कम अंतर होने के कारण ने डब्ल्यूएफआई ने अलग-अलग टीमें चुनने का फैसला किया है।
अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप अमेरिका में 12 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होगी, जबकि सीनियर विश्व चैंपियनशिप कजाखस्तान में 24 अक्टूबर से एक नवंबर तक खेली जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं के बीच महज कुछ दिनों का अंतर होने के कारण महासंघ ने यह निर्णय लिया है।
डब्ल्यूएफआई ने एक सर्कुलर में कहा कि दोनों चैंपियनशिप के बीच कम समय को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि पहलवानों को अपनी-अपनी प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त तैयारी का समय मिल सके और वे पूरी तरह तैयारी के साथ हिस्सा ले सकें।
इसके अनुसार, 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाले चयन ट्रायल से अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप के लिए चुने जाने वाले पहलवान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद वे सीनियर विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
डब्ल्यूएफआई ने परिपत्र में कहा, “अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के बीच अंतराल बहुत कम है।”
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय ‘पहलवानों के हित में’ लिया गया है, ताकि दोनों विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीमों को उचित तैयारी का अवसर मिल सके और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
यह सर्कुलर डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने जारी किया है। इसे भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के अधिकारियों, कुश्ती महासंघ की इकाइयों और महासंघ के मुख्य कोचों को भेजा गया है।
भाषा नमिता
नमिता