तिरुवनंतपुरम, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर धार्मिक आस्था का अपमान करने वाली टिप्पणियों को लेकर ‘‘चुनिंदा’’ रवैया अपनाने और हिंदू धर्म के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर चुप रहने का आरोप लगाया।
चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार ने 100 दिन पूरे कर लिए हैं, लेकिन राज्य में कोई बदलाव, विकास या रोजगार नहीं आया है। उन्होंने इसे ‘‘खतरनाक राजनीति के 100 दिन’’ करार दिया।
भाजपा नेता का यह बयान शबरिमला में भगवान अयप्पा और देवी मलिकाप्पुरथम्मा के बारे में दलित कार्यकर्ता सनी एम. कपिक्काड की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उठे विवाद के बीच आई है।
हाल ही में एक शैक्षणिक संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में कपिक्काड ने देवी-देवताओं के लिए कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
भाजपा नेताओं, शबरिमला से जुड़े स्वयंसेवी संगठनों और कार्यकर्ता राहुल ईश्वर ने बृहस्पतिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कर कपिक्काड के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को कहा कि कपिक्काड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू आस्थाओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर कपिक्काड और अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में विफल रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया, ‘‘मुख्यमंत्री, चेन्निथला और देवस्वओम मंत्री के मुरलीधरन हिंदू आस्थाओं के खिलाफ नफरत भरे भाषण पर चुप क्यों हैं? क्या कानून सभी पर समान रूप से लागू नहीं होता?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए शबरिमला में सोने की कथित चोरी जैसे मुद्दे उठाए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह मंदिर और भगवान अयप्पा को ‘‘भूल गई’’।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर उन हजारों हिंदू मतदाताओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया, जिन्होंने पार्टी पर भरोसा जताया था।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘इन 100 दिनों में हमने केवल तुष्टीकरण की राजनीति और दोहरे मापदंड देखे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों के हित में कदम उठाने के बजाय ‘‘बांटो और राज करो’’ की नीति पर चल रही है।
चंद्रशेखर ने केरलम की संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार से धार्मिक आस्थाओं का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हिंदू आस्थाओं का कथित अपमान करने वाली टिप्पणियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले दिन में, केरल पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद कपिक्काड ने शबरिमला के देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए माफी मांगी।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश