Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

हरिद्वार से राहत सामग्री भरे दो ट्रक लेकर आपदा राहत दल नेपाल के लिए रवाना

देहरादून, 28 अगस्त (भाषा) नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरिद्वार स्थित आध्यात्मिक संगठन गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का आपदा राहत दल शुक्रवार को राहत सामग्री से भरे दो ट्रक लेकर नेपाल के लिए रवाना हुआ।

हरिद्वार में दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने बताया कि राहत दल अपने साथ तिरपाल, आटा, चावल, चीनी, चायपत्ती, खाद्य तेल, बर्तन, कपड़े सहित दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री लेकर जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय जरूरतों का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर अधिक आवश्यकता वाली वस्तुओं को प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाएगा।

गिरि ने कहा कि जरूरत के अनुसार आगे भी शांतिकुंज से राहत सामग्री की खेप नेपाल भेजी जाती रहेगी।

आपदा राहत दल के नेता मंगल सिंह गढ़वाल ने बताया कि दल सोनौली सीमा से नेपाल में प्रवेश कर काठमांडू पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उसके बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जाएगा और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।

अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय डॉ प्रणव पण्डया और शैलदीदी ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना मानवता का धर्म है और राहत सामग्री के साथ नेपाल के लोगों तक आत्मीयता, संवेदना और भाईचारे का संदेश भी पहुंचाया जा रहा है। शैलदीदी ने रक्षाबंधन के अवसर पर नेपाल के भाई-बहनों के लिए राखियां भी भेजी हैं।

नेपाल आपदा में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति एवं सदगति के लिए शांतिकुंज में भी विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके साथ ही सामूहिक श्राद्ध एवं तर्पण संस्कार भी संपन्न कराया गया।

भाषा दीप्ति धीरज

धीरज