Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

अरुणाचल में पीएमजीएसवाई बिल में 2.4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

ईटानगर, 28 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने एक ठेकेदार से 2.40 करोड़ रुपये की कथित तौर पर ठगी करने की कोशिश के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क परियोजना का 17 करोड़ रुपये से अधिक का लंबित सरकारी बिल जारी कराने में मदद करने का भरोसा देकर ठेकेदार से पैसे मांगे थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (नाहरलागुन) न्येलम नेगा ने बताया कि नाहरलागुन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तोलुक लोम्बी, दुबी एटे और राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मामला तब सामने आया जब एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उससे 2.40 करोड़ रुपये मांगे और दावा किया कि वे लंबे समय से लंबित उसका भुगतान जारी करा सकते हैं।

आरोपियों ने कथित तौर पर ठेकेदार से कहा कि सिंह के केंद्र सरकार में उच्च स्तर पर संपर्क हैं और वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लंबित बिल को मंजूरी दिला सकता है।

पुलिस के मुताबिक, बाद में ठेकेदार को एक पत्र दिया गया, जिसमें दावा किया गया था कि लंबित भुगतान को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि, जब ठेकेदार ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता के कार्यालय पहुंचा तो उसे बताया गया कि पत्र असली नहीं है।

जांच आगे बढ़ने के दौरान सिंह ने प्राथमिकी रद्द कराने के लिए अदालत का रुख किया। हालांकि, अदालत ने 13 अगस्त को उसकी याचिका खारिज कर दी, जिससे मामले में जांच का रास्ता साफ हो गया।

नेगा ने बताया कि इसके बाद पुलिस की एक टीम गुवाहाटी गई और 25 अगस्त को सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि बाद में अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

शुभम माधव

माधव