नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया, जिसके तहत महिला पुलिसकर्मियों ने नियमों का पालन करने वाले वाहन सवारों को राखी बांधी।
'राखी का वादा, सुरक्षा का इरादा' पहल में राष्ट्रीय राजधानी में यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा, कार्रवाई और प्रोत्साहन को शामिल किया गया है।
वहीं, नयी दिल्ली जिला पुलिस ने ‘रक्षा का वचन’ अभियान आयोजित किया, जिसके सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा समेत अन्य अधिकारियों को राखी बांधी।
शर्मा ने बताया कि नयी दिल्ली जिले के सरकारी स्कूलों में चलाए गए ‘‘रक्षा का वचन’’ अभियान का उद्देश्य पुलिस एवं छात्राओं के बीच विश्वास के बंधन को मजबूत करना और उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के प्रति दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता की पुष्टि करना था।
उन्होंने बताया कि इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में जागरूक किया।
वहीं, यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ‘राखी का वादा, सुरक्षा का इरादा’ के तहत यातायातकर्मियों ने शाहदरा सर्कल में चिंतामणि यातायात लाइट और सीलमपुर यातायात लाइट और मजनू का टीला नाके सहित कई प्रमुख चौराहों पर यात्रियों के साथ बातचीत की।
कर्मियों ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन सवारों की सराहना की, जबकि महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा के प्रतीकात्मक संकेत के रूप में उन्हें राखी बांधी।
इस दौरान लोगों ने यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी लिया।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने एक बयान में बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिले के पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से राखी बंधवाकर उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसके मुताबिक, कार्यक्रमों के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं विश्वास की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश