उमरिया (मप्र), 28 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में महिला वनकर्मियों ने शुक्रवार को पेड़ों को राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाया और वनों के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
महिला वनकर्मियों ने पेड़ों को तिलक लगाया, आरती की और इसके बाद उनकी टहनियों पर राखी बांधी। इस पहल के जरिए जीवन को बनाए रखने में पेड़-पौधों के महत्व को रेखांकित किया गया।
बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के क्षेत्र निदेशक अनुपम सहाय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ जंगलों और पेड़ों के महत्व को जोड़ने से लोगों में वन एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि ऐसी पहल वन संरक्षण में भी सकारात्मक योगदान दे सकती है।
अधिकारी ने कहा कि इस आयोजन ने जंगलों और पेड़ों के महत्व तथा उनकी रक्षा की आवश्यकता को रेखांकित किया। मानव जीवन और विकास वनों एवं वन्यजीवों के संरक्षण से गहराई से जुड़े हैं।
बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य प्रबंधन ने लोगों से अपील की कि वे हर साल रक्षाबंधन पर कम से कम एक पौधा लगाएं, उसे राखी बांधें और जीवनभर उसकी रक्षा एवं देखभाल करने का संकल्प लें।
अभयारण्य प्रबंधन ने एक बयान में कहा, ‘‘जिस तरह जंगल और पेड़ हमें ऑक्सीजन देकर हमारे जीवन की रक्षा करते हैं, उसी तरह हमें भी उनकी रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए।’’
भाषा सं दिमो धीरज
धीरज