Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

राजनेताओं ने मनाया रक्षाबंधन, फडणवीस बोले-'लाडली बहनों' का प्यार मेरी सबसे बड़ी ताकत

मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में राजनीतिक दलों के नेताओं ने बड़े ही धूमधाम से रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।

वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने दिवंगत चचेरे भाई और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को याद करते हुए एक बेहद भावुक संदेश साझा किया।

त्योहार के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य की 'लाडली बहनों' का प्यार और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'महाराष्ट्र की मेरी प्यारी बहनों के दिलों की भावनाएं विधान परिषद सदस्य चित्रा ताई वाघ के माध्यम से मुझ तक पहुंचीं। मैं उनके इस असीम स्नेह और आशीर्वाद को पूरे दिल से स्वीकार करता हूं। आपका यह आशीर्वाद मुझे जनसेवा के कार्यों को पूरा करने के लिए और अधिक शक्ति और प्रेरणा देता रहेगा।'

उन्होंने लिखा, 'मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि एक भाई को न केवल अपनी बहनों की रक्षा करनी चाहिए बल्कि उन्हें सशक्त बनाने का संकल्प भी लेना चाहिए। महाराष्ट्र की लाखों बहनों के प्यार का ऋणी रहते हुए, मेरा यह संकल्प है कि मैं हर बहन को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम करता रहूंगा।'

रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सांसद सुप्रिया सुले ने एक भावुक पोस्ट में अजीत पवार को याद किया, जिनका इस वर्ष 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

सुले ने लिखा, 'आज रक्षाबंधन है... लेकिन इस बार आप हमारे साथ नहीं हैं और यह अहसास मेरे दिल को बहुत बेचैन कर रहा है। सात महीने पहले की वह भयावह सुबह और आपका अचानक चले जाना... आज भी मुझे इस बात पर यकीन नहीं होता।'

सुले ने भाई-बहन की बचपन की यादों, साथ बड़े होने, आपसी तकरार और स्नेह को याद किया।

उन्होंने लिखा, 'अब भी ऐसा लगता है कि आप अचानक कहीं से आ जाएंगे, मुझसे राखी बंधवाएंगे, अपनी बहनों के साथ बातें करके हंसेंगे-मुस्कुराएंगे और फिर से परिवार में घुल-मिल जाएंगे...'

इस अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाई और बहन के बीच का रिश्ता पूरी तरह से प्रेम और विश्वास पर आधारित होता है।

भाषा

सुमित पवनेश

पवनेश