कोलकाता, 28 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि यादवपुर विश्वविद्यालय में ‘‘धमकी का चलन’’ खत्म करने का समय आ गया है।
उन्होंने कैंपस के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद की भावना को फिर से स्थापित करने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर अपने 15 साल के शासन के दौरान लोगों के मन से राष्ट्रवाद की भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि 34 साल के वाम मोर्चा शासन के दौर में ‘‘पश्चिम बंगाल की परंपराएं खत्म हो गई थीं’’।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय में धमकाने वाला चलन है और इसे खत्म करने का समय आ गया है।’’
वह यादवपुर विश्वविद्यालय कैंपस के बाहर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां 10000 लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ गाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का मकसद राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना था।
उन्होंने कहा कि इस भावना को यादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर दोनों जगह स्थापित किया जाएगा।
यादवपुर विश्वविद्यालय में पिछले सप्ताह वामपंथी झुकाव वाले छात्र समूहों और एबीवीपी के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी।
भाषा शफीक नरेश
नरेश