चेन्नई, 28 अगस्त (भाषा) द्रमुक के प्रमुख एम. के. स्टालिन ने शुक्रवार को अपनी पार्टी में बड़े प्रशासनिक बदलाव की घोषणा करते हुए संगठनात्मक जिलों की संख्या मौजूदा 77 से बढ़ाकर 110 कर दी।
पार्टी अध्यक्ष के रूप में नौवे वर्ष की शुरुआत के मौके पर उन्होंने यह घोषणा की। जिलों के पुनर्गठन का यह कदम पार्टी के संगठनात्मक चुनावों से पहले उठाया गया है।
यहां द्रमुक के राज्य मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में 22 अगस्त को हुई पार्टी की कार्यकारिणी समिति की बैठक में पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव और युवाओं को शामिल करने का समर्थन किया था।
अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्य विपक्षी दल द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने अपने संगठन में बड़े बदलाव किए थे। इसके तहत पार्टी के पदों के लिए उम्र की सख्त सीमा और कार्यकाल की सीमा तय की गई थी।
पार्टी पुनर्गठन समिति की सिफारिश के तहत बनाई गई नई सीमा-निर्धारण योजना के अनुसार, 110 नए पार्टी जिलों के गठन के लिए विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्विन्यास किया गया है। खास तौर पर, बड़ी आबादी को देखते हुए शोलिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र को अलग पार्टी जिला बनाया गया है।
यहां जारी एक बयान में स्टालिन ने कहा कि द्रमुक के बुनियादी स्तंभों- विचारधारा, संगठन, गतिविधियां और सहयोगी संगठन - को बदलते राजनीतिक माहौल के अनुसार ढालने के लिए समय-समय पर नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने 2018 में इसी दिन पार्टी की जिम्मेदारी संभाली थी और वह लगातार बदलाव के प्रति कटिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा, “जो भी व्यक्ति या संस्था समय के अनुसार खुद को नहीं बदलती, वह इस धरती से मिट जाती है। पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपने नौवें वर्ष में प्रवेश करने के दिन मैंने संगठन के हित में इस पुनर्गठन की घोषणा की है।”
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश