Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

छड़ी मुबारक के पवित्र गुफा मंदिर पहुंचने के साथ अमरनाथ यात्रा औपचारिक रूप से संपन्न

श्रीनगर, 28 अगस्त (भाषा) दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवा वस्त्रों से सजी भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ के विशेष पूजा के लिए पहुंचने के साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को औपचारिक रूप से संपन्न हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

तीन जुलाई से शुरू हो कर 57 दिनों तक चली अमरनाथ यात्रा का समापन रक्षाबंधन के त्योहार के दिन हुआ। मार्ग क्षतिग्रस्त होने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण नौ अगस्त को इस वर्ष की तीर्थयात्रा स्थगित किए जाने के करीब तीन सप्ताह बाद इसका औपचारिक समापन हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि छड़ी मुबारक के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधुओं का एक दल इसे लेकर शुक्रवार तड़के पवित्र गुफा पहुंचा। साधुओं का दल शेषनाग पड़ाव से करीब छह किलोमीटर की पैदल यात्रा कर गुफा मंदिर तक पहुंचा।

पवित्र छड़ी के गुफा मंदिर पहुंचने के बाद वहां विशेष पूजा-अर्चना की गई। गुफा मंदिर में प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग है, जिसे भगवान शिव का स्वरूप माना जाता है।

साधुओं और श्रद्धालुओं के दल ने पहलगाम से गुफा मंदिर तक 42 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। इस दौरान चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी में रात्रि विश्राम किया गया।

गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पवित्र छड़ी ने वापसी यात्रा शुरू कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘पूजन’ और ‘विसर्जन’ की रस्म रविवार को पहलगाम में लिद्दर नदी के तट पर होगी। इसके बाद पवित्र छड़ी यहां दश्नामी अखाड़ा स्थित अमरेश्वर मंदिर में अपने निवास स्थान पर लौटेगी।

इस वर्ष 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश