Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स का शेयर कारोबार के पहले दिन करीब 96 प्रतिशत चढ़ा

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) लि. का शेयर शुक्रवार को कारोबार के पहले दिन 300 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

इसके साथ ही तापमान मापने और ताप संबंधी समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड इस साल अब तक सबसे अधिक बढ़त के साथ सूचीबद्ध होने वाली कंपनी बन गई है।

बीएसई में कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य से 110.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 631.20 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के दौरान यह 111.66 प्रतिशत तक उछलकर 635 रुपये पर पहुंच गया था। अंत में शेयर 95.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 586.80 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई में शेयर 111.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 634 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में यह 95.55 प्रतिशत चढ़कर 586.65 रुपये पर रहा।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4,919.30 करोड़ रुपये रहा।

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स की शानदार शुरुआत के साथ उसने इस साल 19 जनवरी को सूचीबद्ध हुई भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की 96 प्रतिशत से अधिक की सूचीबद्ध बढ़त को पीछे छोड़ दिया।

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन सोमवार को 184.07 गुना अभिदान मिला था।

कंपनी का आईपीओ 650 करोड़ रुपये का है और इसके लिए मूल्य दायरा 285-300 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। इसमें 95 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने के साथ 1.85 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल थी।

उदयपुर स्थित कंपनी आईपीओ से मिली राशि का उपयोग इलेक्ट्रिकल हीटिंग और विशेष केबल समाधान से जुड़ी पूंजीगत जरूरतों, कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए करेगी।

भाषा यासिर रमण

रमण