Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में भाजपा विधायक के आवास पर बम विस्फोट

इंफाल, 28 अगस्त (भाषा) मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में अज्ञात बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं विधायक सपम रंजन सिंह के आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार देर रात बम विस्फोट किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ। विस्फोट से जमीन में एक छोटा गड्ढा बन गया और परिसर की दीवारों को मामूली नुकसान पहुंचा।

सपम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देर रात करीब डेढ़ बजे मेरे आवास के पिछले हिस्से में जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरा घर लगभग हिल गया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और उसने मौके पर पहुंचकर जांच की।’’

कोंथौजम से विधायक सिंह सरकार के प्रवक्ता भी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘...मैं इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों से पूछना चाहता हूं कि ऐसे हिंसक कृत्य का मकसद क्या है और इससे उन्हें क्या हासिल होगा। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और नहीं चाहता कि ऐसी घटनाएं दोबारा हों।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें पहले कोई धमकी मिली थी, सिंह ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था।

उन्होंने बताया कि वह बृहस्पतिवार को राज्य के बाहर से लौटे थे और शाम को अपने कार्यकर्ताओं से मिले थे।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज तड़के विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह के आवास पर हुए बम विस्फोट के बाद मैंने कोंथौजम मायाई लीकाई स्थित उनके आवास का दौरा किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जनप्रतिनिधि के आवास पर बेवजह हुए इस बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हिंसा का यह कृत्य हमारे लोकतंत्र पर हमला है और दोषियों को जल्द न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।’’

भाषा

सिम्मी दिलीप

दिलीप