Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

बिहार के कई जिलों में गंगा, गंडक, कोसी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा

पटना, 28 अगस्त (भाषा) नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी और बूढ़ी गंडक समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इससे बिहार के सीमावर्ती एवं निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जल संसाधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार वर्षा होने से राज्य की कई नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान तक पहुंच चुकी है या उससे ऊपर बह रही हैं।

विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अद्यतन बुलेटिन के अनुसार गंडक, कोसी, गंगा, बूढ़ी गंडक और घाघरा नदी राज्य के कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर उनका जलस्तर चेतावनी स्तर तक पहुंच गया है।

बुलेटिन के मुताबिक गंडक नदी गोपालगंज और उसके सिधवलिया प्रखंड में खतरे के निशान पर पहुंच गई है। कोसी नदी खगड़िया, कटिहार और कुरसेला में खतरे के निशान को छू रही है, जबकि बूढ़ी गंडक भी खगड़िया में खतरे के निशान पर बह रही है।

गंगा नदी पटना के दीघा, हाथीदह और गांधीघाट तथा भागलपुर के कहलगांव में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं घाघरा नदी सिवान जिले के दरौली में खतरे के निशान पर बह रही है।

अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा कैलाश धीरज

धीरज