तिरुपति (आंध्र), 28 अगस्त (भाषा) कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए आंध्र प्रदेश के कम से कम 28 तीर्थयात्रियों के शुक्रवार को अपने घर लौटने की उम्मीद है। उन्होंने अपनी यात्रा पूरी करने के बाद बाढ़ प्रभावित इलाके को सुरक्षित पार कर लिया है।
यात्रा का आयोजन करने वाली तिरुपति स्थित यात्रा एजेंसी के संचालक वेंकटरमण ने बताया कि समूह 21 अगस्त को नेपाल के लिए रवाना हुआ था और इसमें आंध्र प्रदेश के 28 लोग शामिल थे।
वेंकटरमन ने 'पीटीआई भाषा' को बताया, 'कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए आंध्र प्रदेश के 28 तीर्थयात्री अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं और बाढ़ प्रभावित इलाके को सुरक्षित पार करने के बाद आज शाम तक उनके अपने-अपने गंतव्य स्थानों पर लौट आएंगे।'
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों को आव्रजन कार्यालय की ओर जाते समय बाढ़ की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन बाढ़ का पानी उस क्षेत्र तक पहुंचने से कुछ समय पहले ही उनका वाहन वहां से निकल गया था। उन्होंने कहा कि वाहन के उस स्थान से गुजरने के करीब पांच मिनट बाद बाढ़ का पानी वहां पहुंचा।
वेंकटरमण ने कहा कि सभी 28 तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और बाढ़ के कारण किसी को चोट लगने या किसी अन्य परेशानी का सामना करने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि समूह नेपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुआ, जहां से तीर्थयात्री अलग-अलग विमान से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा