Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

राजस्थान : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, करीब 25 अन्य घायल

जयपुर, 28 अगस्त (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पहला हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास तब हुआ जब अहमदाबाद से दिल्ली जा रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस के चालक सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) की मौत हो गई। वह अहमदाबाद के अमरेवाड़ी का रहने वाला था।

हादसे में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए।

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार स्लीपर बस अहमदाबाद से दिल्ली जा रही थी तभी वह ट्रक से टकरा गई। सूचना मिलने पर कोलवा और सदर पुलिस थानों की टीम मौके पर पहुंचीं। घायलों को कई एम्बुलेंस से दौसा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि दूसरा हादसा नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के चूड़ियावास गांव के पास हुआ। उसने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।

थाना प्रभारी हुसैन अली ने बताया कि चूड़ियावास निवासी 16 वर्षीय साहिल मीणा और जयपुर के बांसखो इलाके के उगास निवासी 22 वर्षीय महेंद्र मीणा एक्सप्रेसवे की रेलिंग के पास खड़े थे तभी लालसोट की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि तीसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र के तहत एक्सप्रेसवे पर हुआ और एक अज्ञात वाहन ने चार लोगों को टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए। चारों जयपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान हरमाड़ा के लोकेश सिंह (25), कालवाड़ रोड के पीयूष अग्रवाल (27), वैशाली नगर के रुचिर व्यास (25) और श्याम नगर के लक्ष्मण नगर निवासी विनीत वर्मा (43) के तौर पर हुई है। चारों को इलाज के लिए दौसा ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाषा पृथ्वी धीरज

धीरज