नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक समेत कई मामलों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में दो निदेशकों और एक संयुक्त निदेशक की नियुक्ति की है।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी रवि कुमार सिंह और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी को एनटीए में निदेशक नियुक्त किया गया है।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, भारतीय राजस्व सेवा (सीमाशुल्क एवं अप्रत्यक्ष कर) के 2016 बैच के अधिकारी अमित समदरिया को एनटीए में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
तीनों आदेशों में कार्मिक मंत्रालय के एक परिपत्र का उल्लेख किया गया है, जिसमें कहा गया है कि नियुक्त अधिकारियों को आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के अंदर अपना नया पद संभालना होगा और “ऐसा नहीं करने पर केंद्रीय कर्मचारी योजना से प्रतिबंधित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”
हाल ही में सरकार ने एनटीए की परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलावों की घोषणा की थी, जिसमें पेपर की जांच के लिए चार स्तर की प्रक्रिया लागू करना, 600 विशेषज्ञों को हटाना और विषय विशेषज्ञों को शामिल करना शामिल हैं।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप