नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को नॉर्वे के महाराजा हेराल्ड पंचम के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार और देश के प्रति सेवा की गहरी भावना से बहुत प्रभावित थे।
महाराजा हेराल्ड पंचम 89 वर्ष के थे।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नॉर्वे के महाराजा हेराल्ड पंचम के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस साल की शुरुआत में नॉर्वे की मेरी यात्रा के दौरान उनसे हुई मुलाकात की सुखद यादें हैं; उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार और देश के प्रति सेवा की गहरी भावना ने मुझे बहुत प्रभावित किया था। शाही परिवार और नॉर्वे की जनता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’
नाजी कब्जे के दौरान बचपन का कुछ समय हेराल्ड पंचम ने निर्वासन में अमेरिका में बिताया था।
हेराल्ड पंचम यूरोप के सबसे उम्रदराज महाराजा थे। लोकप्रिय महाराजा के रूप में उन्होंने राजशाही को आधुनिक रूप दिया। यूरोप के अन्य राजतंत्रों की तरह नॉर्वे के राजा की भूमिका भी मुख्य रूप से प्रतीकात्मक है।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप