Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने जम्मू के मंदिर में पूजा-अर्चना की

जम्मू, 28 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता शुक्रवार को रक्षा बंधन और श्रावण पूर्णिमा के मौके पर जम्मू शहर स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर गये और भगवान वेंकटेश्वर का विधिवत ‘अभिषेक’ किया।

श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर को आमतौर पर तिरुपति बालाजी मंदिर के नाम से जाना जाता है।

इस मौके पर राज्यपाल ने जम्मू और हिमाचल प्रदेश के बीच एक एकीकृत आध्यात्मिक पर्यटन गलियारे की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

गुप्ता ने शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना की और कहा कि रक्षा बंधन तथा श्रावण पूर्णिमा जैसे त्योहार भारत की चिरस्थायी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाते हैं और साथ ही भाईचारे, सद्भाव तथा आपसी सम्मान के मूल्यों को मजबूत करते हैं।

जम्मू स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर को क्षेत्र के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण जुड़ाव बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह जम्मू और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भगवान वेंकटेश्वर से जुड़ी पवित्र परंपराओं का अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने जम्मू और हिमाचल प्रदेश के बीच एक एकीकृत आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की संभावनाओं पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इन स्थलों के बीच बेहतर संपर्क और समन्वित प्रचार-प्रसार से श्रद्धालुओं को अधिक समृद्ध तीर्थयात्रा का अनुभव मिल सकता है। उन्होंने कहा कि साथ ही यह दोनों क्षेत्रों की साझा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर करेगा।

राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और जम्मू-कश्मीर प्रशासन, सेना, पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा अन्य सभी संबंधित पक्षों को 54 दिवसीय अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।

उन्होंने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विभिन्न एजेंसियों की प्रतिबद्धता, समन्वय और तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वार्षिक तीर्थयात्रा का सुचारु रूप से संपन्न होना प्रशासन, सुरक्षा बलों, नागरिक समाज और सेवा संगठनों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

राज्यपाल ने रक्षा बंधन और श्रावण पूर्णिमा के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और प्रत्येक परिवार के लिए शांति, खुशी, समृद्धि और सद्भाव की कामना की।

गुप्ता ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में लोगों की जान जाने पर भी दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा