जम्मू, 28 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने शुक्रवार को गौवंशीय पशुओं की कथित तस्करी की दो कोशिशों को नाकाम करते हुए 36 मवेशियों को बचाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पहली घटना में पुलिस की एक टीम ने जांच के दौरान लखनपुर में एक ट्रक को रोका।
उन्होंने बताया कि ट्रक पंजाब से जम्मू की ओर जा रहा था और उसे जम्मू के बेली चराना निवासी मोहम्मद सलीम चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान वाहन में 17 गौवंशीय पशु मिले, जिनमें आठ गाय और नौ बैल शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, सभी मवेशियों को बचा लिया गया और चालक को गिरफ्तार करके वाहन जब्त कर लिया गया। इस संबंध में लखनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में बशोली में पुलिस की एक टीम ने बानी तहसील के सुंदरून निवासी अली हुसैन और सैफ अली को कथित तौर पर बिना वैध अनुमति के पैदल 19 गौवंशीय पशुओं को पंजाब ले जाते समय रोक लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 19 मवेशियों को बचा लिया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में बशोली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कठुआ) मोहिता शर्मा की निगरानी में की गई दोनों कार्रवाइ में कुल 36 मवेशियों को बचाया गया, तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक वाहन जब्त किया गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश