Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

दिल्ली : रानी झांसी फ्लाईओवर के पास लूटपाट के लिए गोलीबारी करने के मामले में दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली 28 अगस्त (भाषा) उत्तर दिल्ली पुलिस ने रानी झांसी फ्लाईओवर के पास स्कूटर सवार एक व्यक्ति से सोने की चेन लूटने की कोशिश में कथित रूप से गोलीबारी करने के मामले में एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने यहां पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजकर 45 मिनट पर घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की कई टीम गठित की गई और आरोपी जावेद (38) को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके 25-वर्षीय साथी दीपांशु उर्फ दीपू को यहां सदर बाजार से पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता होटल मालिक अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर पर जा रहे थे, तभी रानी झांसी फ्लाईओवर के पास एक अन्य स्कूटर पर सवार दो लोग उनके पास आए और उन्हें रुकने का इशारा किया।

अधिकारी ने बताया कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने अपना स्कूटर खड़ा करने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और होटल मालिक एवं उनके साथी पर गोली चला दी, जबकि दूसरे ने उनपर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित किसी तरह हमलावरों के स्कूटर को धक्का देकर तीस हजारी अदालत की तरफ भागने में सफल रहे। आरोपियों ने लगभग 50 मीटर तक उनका पीछा किया तथा एक और गोली चलाकर फिल्मिस्तान की ओर भाग गए। पुलिस के अनुसार, घटना में पीड़ित बाल-बाल बच गये।

सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों द्वारा अपनाए गए मार्ग की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और उनके चेहरों की स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त कीं। उन्होंने बताया कि इसके बाद ‘फेशियल रिकग्निशन सिस्टम’ (एफआरएस), तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी से आरोपी की पहचान करने में मदद मिली।

उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर सबसे पहले दीपांशु को सदर बाजार से पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर पुलिस की एक टीम भिवाड़ी गई और जावेद को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने कहा कि उनके पास से दो पिस्तौल, दो कारतूस, एक चाकू और अपराध में इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, जावेद 23 दिन की पैरोल पर जुलाई में जेल से बाहर आया था, लेकिन इसके बाद फरार हो गया था। वह ख्याला थाने का ‘हिस्ट्रीशीटर’ अपराधी है और उसपर 34 मामले दर्ज हैं, जिनमें बलात्कार, लूट, झटपमारी और सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य मामले शामिल हैं। वहीं, दीपांशु पर लूट का एक मामला दर्ज है।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश