शिमला, 28 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शुक्रवार दोपहर हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पहाड़ी से टकरा गई, जिससे 40 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में अधिकतर महिलाएं हैं।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय बस में करीब 60 लोग सवार थे। यह दुर्घटना ब्यासा-बखली मार्ग पर कटार गांव के पास हुई।
कुल्लू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय ठाकुर ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ और 40 से 45 लोगों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया।
कुल्लू की उपमंडल अधिकारी जयंती ठाकुर ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर प्रतीत होता है कि हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घायलों में बस चालक भी शामिल है।
रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को राज्य में एचआरटीसी की सामान्य बसों में महिलाओं के लिए यात्रा निशुल्क थी।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा