नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) संगीतकार और गायक अमाल मलिक ने संगीत से कुछ समय के लिए दूरी बनाने की घोषणा की है और श्रोताओं से उन्हें परेशान न करने की अपील की है।
मलिक ने बृहस्पतिवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर यह नोट साझा किया और कहा कि उन्हें अपने स्वास्थ्य और सेहत को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
उन्होंने पोस्ट के साथ लिखे संदेश में कहा, 'मैं बिल्कुल ठीक हूं और इस बार अपने लिए जो सबसे बेहतर है, उसे करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। मैं वही करूंगा जो मेरे दिल और स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। मुझे अपने मन, शरीर और आत्मा को आराम देने तथा पूरी तरह शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के लिए कुछ समय का विराम चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'अगले साल तक मेरा कोई नया फिल्मी संगीत नहीं आएगा। पहले से तैयार और अब तक जारी नहीं हुए मेरे फिल्मी गीत जल्द ही रिलीज हो सकते हैं, अगर वे फिल्में रिलीज हो पाती हैं। ये कम बजट की फिल्में हैं, जिनका उद्देश्य अच्छा है, लेकिन ऐसी फिल्मों को सिनेमाघरों में आसानी से जगह नहीं मिलती। इसलिए इन परियोजनाओं के भविष्य के बारे में कुछ कह नहीं सकता। कृपया अब मुझे और परेशान न करें। जैसे-जैसे मुझे जानकारी मिलेगी, मैं आपको बताता रहूंगा। मैं वापस आऊंगा। फिलहाल विदा लेता हूं।'
मलिक पार्श्व गायक अरमान मलिक के भाई और संगीतकार डब्बू मलिक तथा ज्योति मलिक के बेटे हैं। वह 'सोच न सके' और 'सूरज डूबा है' जैसे गीतों के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने हाल ही में फिल्म 'आवारापन 2’ का संगीत तैयार किया है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा