Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

झारखंड : गंगवार और सोरेन ने रक्षाबंधन की बधाई दीं

रांची, 28 अगस्त (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राज्य के लोगों को रक्षाबंधन की बधाई दी और इसे स्नेह और विश्वास का उत्सव बताया।

गंगवार ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और अटूट रिश्ते का उत्सव है।

उन्होंने कहा, “यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लाए तथा भाई-बहन के बीच स्नेह हमेशा बना रहे।”

सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जब महिलाएं पढ़ती हैं और आगे बढ़ती हैं, तो परिवार तथा समाज सशक्त होते हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह उस अटूट रिश्ते और जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है, जो हमारे परिवार और समाज को मजबूत बनाती है।”

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं को शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

सोरेन ने कहा, “संघर्षों के बीच परिवार संभालते हुए महिलाओं ने झारखंड के निर्माण और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब एक महिला पढ़ती है और आगे बढ़ती है, तो केवल उसका जीवन नहीं बदलता, बल्कि पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान जैसी कई अन्य पहल हमारी माताओं और बहनों को अपने सपने पूरे करने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं।”

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश