Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, बारिश में कमी से फिर बढ़ी गर्मी

जयपुर, 28 अगस्त (भाषा) राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं और कई इलाकों में एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के धौलपुर, झालावाड़ और बारां जिलों में कुछ स्थानों पर एक से तीन सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान बारिश नहीं हुई।

इस अवधि में श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में 39.6 डिग्री, पिलानी में 39.2 डिग्री और फलोदी में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में एक बार फिर गर्मी का असर तेज हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम रहने और मानसून के कमजोर रहने के आसार हैं।

हालांकि, सितंबर के पहले सप्ताह में चार से सात सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

भाषा पृथ्वी

मनीषा खारी

खारी