Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नेपाल की बाढ़ को लेकर 'ड्रामा' शब्द का इस्तेमाल करने पर थरूर ने खेद जताया

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर अपनी एक पोस्ट में ‘ड्रामा’ शब्द का इस्तेमाल करने पर शुक्रवार को खेद प्रकट किया और कहा इस शब्द का अर्थ केवल नाटकीयता नहीं है, बल्कि इसका एक अर्थ ‘‘ऐसी स्थिति या घटनाक्रम भी है, जिसमें परस्पर टकराती शक्तियां बहुत तेजी से सक्रिय हों।'

तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘नेपाल से मेरी पहली पोस्ट में ‘ड्रामा’ शब्द के इस्तेमाल पर आक्रोश जताने वाले सभी लोगों के लिए कहना चाहता हूं कि इस शब्द का अर्थ केवल कुछ नाटकीय होना नहीं है। इसका एक अर्थ ‘ऐसी स्थिति, परिस्थिति या घटनाओं की श्रृंखला भी है, जिसमें परस्पर टकराती शक्तियां बहुत तेजी सक्रिय हों’।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे इसी अर्थ में इस्तेमाल किया था। लेकिन मुझे ऐसे शब्द के चयन पर वाकई खेद है, जिसका इतनी आसानी से गलत अर्थ निकाला जा सकता है।’’

थरूर की यह सफाई उनके उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने नेपाल में आई आकस्मिक बाढ़ को ‘‘पहाड़ियों में हुई ड्रामा जैसी घटना’’ बताया था। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना हुई और लोगों ने इसे असंवेदनशील बताया।

थरूर ने बृहस्पतिवार को नेपाल की आपदा को लेकर चिंता जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘कल काठमांडू के लिए रवाना हुआ, इस बात से पूरी तरह अनजान कि पहाड़ियों में ऐसा ड्रामा हुआ है, जिससे इतनी भयावह तबाही हुई।’’

उन्होंने आगे कहा था, ‘‘उत्तरी नेपाल के तिब्बत सीमा के पास स्थित रसुवा जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई। भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों के किनारे भारी नुकसान हुआ। विशेषज्ञों का अनुमान है कि ग्लोबल वार्मिंग या तिब्बत में आए भूकंप के कारण ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे घाटी में गिरा हो सकता है।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा था कि काठमांडू पहुंचने पर उन्हें जान-माल के नुकसान की जानकारी मिली और बताया गया कि करीब 2,000 या उससे अधिक लोग लापता होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा था, ‘‘मैं भारत सरकार की ओर से तत्काल राहत सहायता देने की घोषणा का पूरी तरह समर्थन करता हूं। नेपाल को जितनी मदद मिल सके, वो उचित है क्योंकि उसे इसकी जरूरत है।’’

भाषा हक तान्या रंजन

रंजन