इंफाल/सेनापति, 28 अगस्त (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में घात लगाकर किए गए हमले में मारे गए चार नगा नागरिकों के शव शुक्रवार की सुबह बरामद कर लिए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मकुई अशांग और थानाम्बा नगा गांवों के बीच एक सुनसान इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने एक वाहन पर हमला किया था।
उन्होंने बताया कि हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। मृतकों में एक निजी स्कूल के संस्थापक और प्रधानाचार्य भी शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार शाम शवों को बरामद करने की कोशिश की थी, लेकिन रास्ते में एक गांव में कथित नाकेबंदी और व्यवधान के कारण वे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस का एक सुरक्षा दल शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचा और शव बरामद किये। शवों को सेनापति जिला मुख्यालय लाया जा रहा है।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन