Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नाबालिग से दुष्कर्म-मौत के मामले में गिरफ्तारी के बाद किश्तवाड़ अस्पताल का सफाईकर्मी बर्खास्त

जम्मू, 28 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक अस्पताल में काम करने वाले सफाईकर्मी को 15 वर्षीय आदिवासी लड़की से हुए यौन उत्पीड़न और उसके गर्भपात की कोशिश को छिपाने की कथित साजिश में गिरफ्तार किए जाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अस्पताल में दैनिक वेतनभोगी के तौर पर काम कर रहे आरोपी को मामले में सह-आरोपी बनाए जाने के बाद पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। इसके तुरंत बाद अस्पताल प्रशासन ने उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं।

चिकित्सा अधीक्षक युद्धवीर सिंह कोटवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस ने हमें उसकी गिरफ्तारी की सूचना दी थी। उसे बृहस्पतिवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।’’

बर्खास्तगी का आदेश जारी करने वाले कोटवाल ने कहा कि कर्मचारी पर लगे आरोपों और अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे सेवा में बनाए रखना सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान के अनुशासन, कार्यप्रणाली और गरिमा के अनुरूप नहीं था।

कोटवाल ने स्पष्ट किया कि आरोपी को निलंबित नहीं, बल्कि सेवा से बर्खास्त किया गया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या नाबालिग लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी क्या है, कोटवाल ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामला पुलिस जांच के अधीन है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसा कुछ भी नहीं कहना चाहता, जिससे जांच प्रभावित हो। जांच जारी है और हम पुलिस को पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’

अधिकारियों के अनुसार, 15 वर्षीय आदिवासी लड़की का उसके स्कूल के एक शिक्षक ने कई महीनों तक बार-बार यौन उत्पीड़न किया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में छत्रू इलाके में गर्भपात कराने की कथित कोशिश के दौरान लड़की की मौत हो गई।

पुलिस ने 20 अगस्त को सरकारी शिक्षक और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। मामले की समयबद्ध जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पुलिस का आरोप है कि शिक्षक ने लड़की से बार-बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक ने अपने भाई के साथ मिलकर गर्भपात कराने के इरादे से लड़की को दवाएं दीं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले लड़की को छत्रू स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। इसके बाद अस्पताल के सफाईकर्मी की कथित मिलीभगत से उसे किश्तवाड़ के जिला अस्पताल ले जाया गया।

वहां लड़की ने मृत शिशु को जन्म दिया और इसके बाद उसकी भी मौत हो गई।

एसआईटी ने यौन उत्पीड़न की घटना को छिपाने और नाबालिग के गर्भपात की कोशिश में कथित भूमिका के आरोप में सफाईकर्मी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

भाषा खारी सुरभि

सुरभि