Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

राजस्थान : सीकर में पति की मौत के करीब 23 घंटे बाद पत्नी की भी मौत

जयपुर, 27 अगस्त (भाषा) राजस्थान के सीकर जिले में पति की मौत की खबर सुनकर सदमे में बीमार पड़ी एक महिला की करीब 23 घंटे बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना जिले के नीमकाथाना क्षेत्र के बालाजी नगर (जांटाला) में हुई।

पुलिस ने बताया कि पुष्कर सैनी (50) करीब पांच दिन पहले अचानक बीमार पड़ गए थे और जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। मंगलवार देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। अगले दिन बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पति की मौत की खबर सुनने के बाद उनकी पत्नी कौशल्या देवी (47) गहरे सदमे में थीं। बुधवार को पति के अंतिम संस्कार के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें नीमकाथाना के सरकारी अस्पताल ले गए।

पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह करीब दो बजे कौशल्या देवी की मौत हो गई। यह उनके पति की मौत के करीब 23 घंटे बाद हुआ। उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, दंपति की शादी को करीब 30 वर्ष हो चुके थे और उनके तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा लाखन सैनी जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में संविदा पर काम करता है, जबकि उनके दो अन्य बेटे विजय और रवि पढ़ाई कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पुष्कर सैनी दर्जी का काम करते थे और पिछले छह महीने से उनकी दुकान बंद थी। इस घटना के बाद इलाके के कई प्रतिष्ठान बंद रहे। स्थानीय लोग शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत